शंघाई सहयोग संगठन (SCO) का सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में आयोजित किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद संबोधित करेंगे. संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से इस फोरम का आयोजन कर रहे हैं.

फोरम में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आएगा. मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी.

भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया था, लेकिन पाकिस्तान ने उनकी जगह मुसादिक मलिक को प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख बनाया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल फोरम के विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेगा और SCO सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा.

25 देशों को न्योता, 15 की भागीदारी की पुष्टि

भारत ने फोरम के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा है. इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं. इनमें से 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है. फोरम का उद्देश्य साझा सभ्यता और संस्कृति पर संवाद बढ़ाना है.

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, भारत चाहता है कि SCO का दायरा राजनीति और अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत तक पहुंचे.

पुराना किला में प्रदर्शनी, पर्यटकों के लिए प्रवेश बंद

कार्यक्रम के दौरान पुराना किला में ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए दिखाया जाएगा. प्रदर्शनी में मौर्यकालीन टेराकोटा आकृतियां, राजपूत काल की वैकुंठ विष्णु प्रतिमा, गजलक्ष्मी और गणेश की कलाकृतियां, पेंटेड ग्रे वेयर के बर्तन, सिक्के, मनके, आभूषण, इंद्रप्रस्थ का उल्लेख करने वाला शिलालेख और घोड़े की खोपड़ी शामिल होगी.

‘अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल’ नाम के पवेलियन में चित्रों से सजी 18वीं सदी की महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित की जाएगी. फोरम और सुरक्षा व्यवस्था के कारण पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में आने वाला यह स्थल कार्यक्रम के बाद फिर खोला जाएगा.