दिल्ली के शाहदरा जिले के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला पुराना मकान ढहने से तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई. हादसे में चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, सभी छह लोग मकान में किरायेदार के तौर पर रह रहे थे.

पुलिस को गली नंबर 6 में मकान गिरने की सूचना सुबह करीब 10:09 बजे मिली. इसके बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया.

मृतकों की पहचान तीन वर्षीय लड्डू उर्फ देवांश और पिंटू के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, देवांश पहली मंजिल पर और पिंटू भूतल पर रहता था. घायलों में खुशबू, विकेश, आकाश और दिलीप उर्फ डिम्पा शामिल हैं.

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि मकान काफी पुराना था और निर्माण सामग्री समय के साथ कमजोर हो गई थी. हादसे के समय वहां कोई निर्माण या मरम्मत कार्य नहीं चल रहा था. घटना के सही कारणों की जांच जारी है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.