उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर गांव में 17 वर्षीय किशोर नौशाद की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है. इनमें 21 वर्षीय अतीकुर रहमान और दो नाबालिग शामिल हैं. घटना 26 नवंबर को सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में हुई थी.

पुलिस के अनुसार, नौशाद का आरोपियों के साथ किसी पुराने विवाद को लेकर विवाद हुआ था. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि तनाव मृतक की बहन और आरोपियों में से एक की दोस्ती को लेकर था. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस ने इसे जांच का प्रारंभिक कारण बताया है.

हमले में घायल नौशाद को भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में सुभाष प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 126(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और मामले से जुड़े बाकी तथ्यों की जांच जारी है.