पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित आईटी पार्क क्रॉसिंग पर फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा. यह क्रॉसिंग ईस्टर्न अप्रोच रोड और बाबा श्याम गिरि रोड को जोड़ती है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग सड़क पार करते हैं.
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय लोग लंबे समय से इस स्थान पर फुटओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे. जीटी रोड और आईटी पार्क रोड से श्याम गिरि मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी इसी क्षेत्र से होती है. प्रस्तावित पुल का उद्देश्य पैदल यात्रियों को सड़क के बीच से गुजरने के बजाय सुरक्षित ऊंचा रास्ता उपलब्ध कराना है.
पुल की प्रस्तावित रूपरेखा
फुटओवर ब्रिज की लंबाई करीब 35 से 45 मीटर और वॉकवे की चौड़ाई लगभग 3 से 5 मीटर रखी जाएगी. सड़क से इसकी ऊंचाई करीब 5.5 से 6 मीटर होगी. पुल का निर्माण स्टील गर्डर से किया जाना प्रस्तावित है. यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें एस्केलेटर और रैंप भी लगाए जाएंगे.
स्थानीय स्तर पर उम्मीद है कि इससे पैदल आवाजाही व्यवस्थित होगी और व्यस्त क्रॉसिंग पर वाहनों की रफ्तार तथा यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी.
