दक्षिण दिल्ली में रविवार को 22 विवाह समारोहों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन आयोजनों में 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने और करीब 4,500 अतिरिक्त वाहनों के सड़कों पर आने का अनुमान है.

विवाह समारोह SSN मार्ग यानी भाटी माइंस रोड, बंध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड के आसपास निर्धारित हैं. इन इलाकों के अलावा 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, जौनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर भी जाम की स्थिति बन सकती है.

ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त कर्मियों की तैनाती की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे संभव हो तो इन मार्गों से बचें, अपनी यात्रा पहले से योजनाबद्ध करें और समय व ईंधन बचाने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें.

विवाह समारोहों में आने वाले लोगों से केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने और सड़क किनारे पार्किंग से बचने को कहा गया है. यातायात बदलाव और वास्तविक समय की जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया अपडेट देखने की सलाह दी गई है. सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095 और आपातकालीन नंबर 112 उपलब्ध हैं.