नई दिल्ली की 135 साल पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी (CSL) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने केंद्र को तीन हफ्ते में हलफनामा दाखिल कर सेंट्रल विस्टा/कर्तव्य पथ पुनर्विकास योजना में लाइब्रेरी के लिए तय जगह का पूरा ब्योरा देने का निर्देश दिया है.
जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की बेंच ने प्रस्तावित जगह का लेआउट प्लान भी मांगा है. कोर्ट ने यह स्पष्ट करने को कहा कि वहां शास्त्री भवन में मौजूद करीब 8.5 लाख किताबों के अलावा आरके पुरम में कार्टन में रखी लगभग 2 लाख किताबें भी रखी जा सकेंगी या नहीं.
सुनवाई के दौरान अदालत ने यह सवाल भी उठाया कि 1891 से चल रही लाइब्रेरी के लिए क्या केवल दो कमरे दिए जा रहे हैं. मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील हरिप्रिया पद्मनाभन को अमिकस क्यूरी नियुक्त किया है. यह कार्यवाही अदालत द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर शुरू किए गए मामले से जुड़ी है.
