नई दिल्ली की 135 साल पुरानी सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने पूछा है कि सेंट्रल विस्टा की नई योजना में लाइब्रेरी के लिए कितनी जगह तय की गई है और वहां उसके विशाल संग्रह को किस तरह रखा जाएगा.
जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की पीठ ने केंद्र को तीन सप्ताह के भीतर शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया. इसमें प्रस्तावित लाइब्रेरी का लेआउट प्लान और जगह से जुड़ी पूरी जानकारी देने को कहा गया है. अदालत ने यह भी पूछा कि 8.5 लाख किताबों वाले मौजूदा संग्रह के लिए क्या केवल दो कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
पीठ ने आरके पुरम में रखी करीब दो लाख किताबों के बारे में भी जानकारी मांगी है. अदालत यह जानना चाहती है कि इन पुस्तकों को नई व्यवस्था में कहां और किस तरह रखा जाएगा. मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील हरिप्रिया पद्मनाभन को अमिकस क्यूरी नियुक्त किया है और स्वतः संज्ञान लिया है.
शास्त्री भवन हटाने की योजना से शुरू हुआ विवाद
सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत शास्त्री भवन को हटाने की योजना है. इसी इमारत में सेंट्रल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी 1969 से संचालित हो रही है, इसलिए उसके लिए वैकल्पिक स्थान की जरूरत बताई गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 29 सितंबर को लाइब्रेरी के 8.5 लाख पुस्तकों के लिए प्रस्तावित जगह की पर्याप्तता पर सवाल उठाए गए थे.
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने कहा है कि कर्तव्य पथ पुनर्विकास योजना में लाइब्रेरी के लिए स्थान तय किया गया है और नई इमारत के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है.
यह लाइब्रेरी 1891 में इम्पीरियल सेक्रेटेरिएट लाइब्रेरी के रूप में शुरू हुई थी. 1911 में इसे कोलकाता से दिल्ली लाया गया. बाद में यह नॉर्थ ब्लॉक और फिर शास्त्री भवन पहुंची. चार मंजिला लाइब्रेरी करीब 5,500 वर्ग मीटर में फैली है और सरकारी अधिकारियों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थी भी इसका इस्तेमाल करते हैं.
