सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने से इनकार किया है, लेकिन पूरे दिन आतिशबाजी की अनुमति देने से भी साफ तौर पर असहमति जताई. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और त्योहार से जुड़ी भावनाओं के बीच संतुलन बनाना होगा.
पीठ ने सुनवाई के दौरान मौखिक टिप्पणी में कहा कि अदालत न तो पूर्ण प्रतिबंध पर सहमत होगी और न ही 24 घंटे पटाखे चलाने की अनुमति देगी. अदालत ने संकेत दिया कि पटाखों के इस्तेमाल के लिए कुछ निश्चित समय तय किया जा सकता है.
सुनवाई में केंद्र सरकार ने सीएसआईआर-नीरी की तकनीकी सलाह से विकसित अगली पीढ़ी के कुछ ‘ग्रीन क्रैकर्स’ को सीमित छूट देने का प्रस्ताव रखा. अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को दिए नोट में कहा कि ऐसे पटाखों की अनुमति उनके निर्माण, रासायनिक संरचना, शोर और उत्सर्जन से जुड़ी शर्तों के साथ दी जा सकती है.
प्रस्ताव के मुताबिक केवल लाइसेंस प्राप्त निर्माता ही इन पटाखों का उत्पादन कर सकेंगे. इन्हें निर्धारित शोर सीमा—125 डीबी(एआई) और 145 डीबी(सी) पीक—का पालन करना होगा और प्रतिबंधित रसायनों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. प्रस्तावित पटाखों में उत्सर्जन कम करने के उद्देश्य से बेरियम साल्ट की मात्रा घटाने की बात कही गई है.
बेरियम के इस्तेमाल से जुड़े व्यापक मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट 15 अक्टूबर को आगे विचार करेगा. अदालत की ताजा टिप्पणियां दिवाली से पहले आई हैं. पिछले वर्ष भी दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन क्रैकर्स की बिक्री और इस्तेमाल को कुछ शर्तों तथा निर्धारित समय-सीमा के अधीन अनुमति दी गई थी.
