सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के दौरान प्रमाणित ग्रीन पटाखों के सीमित इस्तेमाल की अनुमति दी है. यह छूट 7 और 8 नवंबर 2026 को लागू होगी. अदालत के निर्देश के अनुसार, पटाखे सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे के बीच ही चलाए जा सकेंगे.

अदालत ने स्पष्ट किया है कि 9 नवंबर 2026 से दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर लागू हो जाएगा. अनुमति केवल उन ग्रीन पटाखों के लिए है, जिन्हें CSIR-NEERI से प्रमाणन मिला हो. पारंपरिक पटाखों और बोरियम वाले पटाखों की अनुमति नहीं होगी.

संवेदनशील इलाकों में आतिशबाजी पर रोक

अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों तथा अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे नहीं चलाए जा सकेंगे. यही प्रतिबंध शैक्षणिक संस्थानों के आसपास भी लागू रहेगा. इन क्षेत्रों को ‘नो-क्रैकर जोन’ के रूप में चिन्हित और प्रचारित करने का निर्देश दिया गया है.

सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों से अवैध और सामान्य पटाखों की बिक्री रोकने तथा केवल स्वीकृत ग्रीन पटाखों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है.