दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध-प्रदर्शनों को लेकर दायर व्यापारिक संगठनों की संशोधित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) को नोटिस जारी किया है. अदालत ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस आयुक्त से भी जवाब मांगा है.

याचिका दिल्ली किराना कमेटी और दिल्ली आयरन एंड हार्डवेयर मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से दाखिल की गई है. व्यापारियों का दावा है कि मध्य दिल्ली में होने वाले प्रदर्शनों, खासकर थोक बाजारों के आसपास, कारोबारी गतिविधियों पर असर पड़ता है. उन्होंने रामलीला मैदान को नियमित प्रदर्शन स्थल के तौर पर इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताई है.

यह मामला उस समय आगे बढ़ा जब सुप्रीम कोर्ट ने व्यापारियों से प्रदर्शन आयोजित करने वाले संगठनों को भी याचिका में पक्षकार बनाने को कहा था. सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के अधिकार और कारोबार करने के अधिकार के बीच संतुलन जरूरी है.

पीठ इस याचिका के साथ प्रदर्शन के पक्ष और विरोध में दायर संबंधित मामलों पर 27 नवंबर को सुनवाई करेगी. अदालत ने दिल्ली और अन्य स्थानों पर हाल के प्रदर्शनों से जुड़े मामलों की अलग-अलग सुनवाई तय करने की बात भी कही है.