पूर्वी दिल्ली के स्वामी दयानंद मार्ग पर यू-टर्न और सिग्नल-फ्री यातायात व्यवस्था लागू किए जाने के बाद भी वाहन चालकों को जाम से पूरी राहत नहीं मिली है. मार्ग के कई हिस्सों में सड़क खुदाई, अधूरे सिविल कार्य, असमान सतह और निर्माण मलबे के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है.

दिल्ली यातायात पुलिस के निरीक्षण में स्वामी दयानंद मार्ग और झील खुरंजा क्षेत्र में अधूरी बहाली, ढीली मिट्टी और सड़क पर बिखरे मलबे की समस्या सामने आई. इन बाधाओं से खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी हो रही है. फुटपाथ और सड़क किनारे अवरोधों के कारण पैदल चलने वालों को कई जगह मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है.

इस मार्ग पर बिहारी कॉलोनी, ईस्ट आजाद नगर और सूर्या अस्पताल के पास निर्धारित यू-टर्न शुरू किए गए हैं. अनावश्यक कट बंद करने, रैंप और टेबल-टॉप बनाने जैसे उपाय भी किए गए हैं. पहले करीब 900 मीटर की दूरी तय करने में 15 से 20 मिनट लगते थे, जिसे व्यवस्था लागू होने के बाद लगभग पांच मिनट बताया गया था. हालांकि, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अधूरे कार्य अब भी यातायात सुधार में बाधा बने हुए हैं.

यातायात पुलिस ने पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन से MCD, PWD, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.