दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने कथित मारपीट मामले में स्वतंत्र भारद्वाज को तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत दी है. यह मामला जून में जंतर-मंतर पर Cockroach Janta Party के प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग कार्यकर्ता के पिता से कथित मारपीट से जुड़ा है. आदेश अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह ललर ने दिया.
कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की जांच में कुछ कमियां और अंतराल चिन्हित करते हुए जांच अधिकारी से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा. निर्देश में CCTV फुटेज, पुलिस रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी जुटाने की बात कही गई है. संबंधित डिजिटल सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराने का निर्देश भी दिया गया है.
मामले में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था. बाद में शिकायतकर्ता के पूरक बयान के आधार पर SC/ST अधिनियम और आपराधिक धमकी से जुड़े प्रावधान जोड़े गए. पुलिस ने अलग से POCSO कानून के तहत भी FIR दर्ज की है.
अंतरिम जमानत के दौरान भारद्वाज को शिकायतकर्ता, उसकी नाबालिग बेटी, परिवार और अभियोजन गवाहों से संपर्क करने से रोका गया है. उन्हें मामले, बचाव या शिकायतकर्ता के परिवार से संबंधित कोई वीडियो, पोस्ट, इंटरव्यू या पॉडकास्ट साझा न करने का निर्देश भी दिया गया है. नियमित जमानत पर अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी.
