दिल्ली के प्रदूषण हॉटस्पॉट टिकरी कलां गांव में अवैध PVC और प्लास्टिक कचरे के भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है. एसडीएम मुंडका शिव सिंह मीना के नेतृत्व में 20 से अधिक खुले खेतों और परिसरों को सील किया गया.
कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने करीब 25 ट्रक PVC और प्लास्टिक कचरा हटाया. संबंधित परिसरों के बिजली कनेक्शन भी काटे गए. प्रशासन के अनुसार, कृषि भूमि, खाली प्लॉट और लाल डोरा क्षेत्र में बिना अनुमति कचरा जमा किया गया था. कई जगहों पर प्लास्टिक कचरे को खुले में जलाने की शिकायतें भी सामने आई थीं.
अभियान के दौरान प्लास्टिक कचरे के बीच बायोमेडिकल वेस्ट भी मिला. इससे वहां काम करने वाले श्रमिकों और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ी है.
प्रशासन ने कचरा जमा करने वालों को पूरा PVC कचरा हटाने के लिए सात दिन का समय दिया है. निर्देश का पालन नहीं होने पर जुर्माना और आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. आधिकारिक वायु गुणवत्ता निगरानी में 19 नवंबर को टिकरी कलां का AQI 255 यानी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया.
