पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किया गया. घटना मयूर विहार थाना क्षेत्र के 30 ब्लॉक में बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुई. घायल किशोर को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. पुलिस के अनुसार, उसकी हालत अब स्थिर है.
पुलिस को घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित और हमले में शामिल एक किशोर के बीच करीब 15 दिन पहले विवाद हुआ था. पुलिस का कहना है कि उसी रंजिश के चलते आरोपी किशोर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को रोका और उस पर हमला किया.
मयूर विहार थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं. चार संदिग्ध किशोरों में से तीन को पकड़ लिया गया है, जबकि चौथे की तलाश जारी है. मामले की जांच चल रही है.
