संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली के भारत मंडपम में शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है. दो दिवसीय कार्यक्रम 30 सितंबर से शुरू हुआ और 1 अक्टूबर तक चलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह के मुख्य अतिथि हैं.

प्रधानमंत्री कार्यक्रम के दौरान लोक सेवा आयोगों से जुड़े 100 ऐतिहासिक फैसलों पर आधारित किताब का लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा शताब्दी स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा. मोदी समारोह को संबोधित भी करेंगे.

पहले दिन हुआ ‘शताब्दी समारोह-मंथन’

आयोजन के पहले दिन भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह-मंथन’ आयोजित किया गया. इसमें अलग-अलग विषयों पर पैनल चर्चाएं हुईं और वक्ताओं ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में देशभर के राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य शामिल हो रहे हैं. केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और UPSC के अधिकारी भी आयोजन का हिस्सा हैं.

2025 में लाखों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षाएं

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2025 में UPSC की ओर से कराई गई विभिन्न परीक्षाओं में करीब 10 से 12 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. इनमें 9 लाख से अधिक लोगों ने सिविल सेवा परीक्षा के लिए आवेदन किया था.

UPSC संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत गठित संवैधानिक संस्था है. आयोग सिविल सेवा समेत विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है. शताब्दी समारोह में लोक सेवा आयोगों की भूमिका, परीक्षा प्रक्रिया और उनसे जुड़े अनुभवों पर चर्चा हो रही है.