दक्षिण दिल्ली में वायुसेनाबाद के पास एमबी रोड पर सड़क निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित रहेगा. निर्माण के लिए वायुसेनाबाद-खानपुर से हमदर्द की ओर जाने वाले कैरिजवे को आंशिक रूप से बंद किया गया है.
इस हिस्से में वाहन सिंगल लेन से गुजर रहे हैं. ऐसे में खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यातायात की रफ्तार धीमी होने और जाम लगने की आशंका है. यह मार्ग साकेत, खानपुर, हमदर्द और आसपास के इलाकों को जोड़ता है.
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए सामान्य से अधिक समय लेकर निकलें. जरूरी न हो तो पीक आवर्स में इस हिस्से से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने पर विचार किया जा सकता है.
यात्रियों को सड़क की मौजूदा स्थिति और संभावित बदलावों के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है. निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और लेन बदलते समय यातायात संकेतों का पालन करने को कहा गया है.
