नई दिल्ली के विकासपुरी स्थित दशहरा ग्राउंड में झूले से गिरकर घायल हुई 27 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान उत्तम नगर निवासी गुड़िया के रूप में हुई है. वह हादसे के बाद राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थी.
यह हादसा 20 अक्टूबर की रात करीब 1:36 बजे हुआ था. पुलिस के मुताबिक, ‘मिक्सर राइड’ का गेट टूटने के बाद गुड़िया और एक अन्य व्यक्ति झूले से नीचे गिर गए थे. दोनों को पहले माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें RML अस्पताल रेफर किया गया.
दूसरे घायल की पहचान रवि के रूप में हुई है. उसका अस्पताल में इलाज जारी है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है.
गुड़िया की मौत के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 जोड़ी है, जो लापरवाही से मौत से संबंधित है. शुरुआती तौर पर पुलिस ने मशीनरी से जुड़े लापरवाहीपूर्ण कृत्य और मानव जीवन को खतरे में डालने वाली धाराओं के तहत केस दर्ज किया था.
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मेले को रात 11 बजे तक संचालन की अनुमति थी, जबकि हादसा इसके बाद हुआ. पुलिस झूला संचालक और रखरखाव कर्मचारियों की भूमिका तथा गेट टूटने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है.
