नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को 47 वर्षीय एक विवाहित व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली. पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की पहचान संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश निवासी संदीप के रूप में हुई है. वह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था.
पुलिस ने बताया कि संदीप अपने एक मित्र के घर अक्सर आता-जाता था. इसी दौरान उसकी मित्र की 20 वर्षीय बेटी से कथित तौर पर नजदीकी बढ़ी. युवती वजीरपुर की एक बर्तन फैक्ट्री में काम करती थी और दिल्ली में अकेली रहती थी. पुलिस के मुताबिक, युवती ने कुछ समय से संदीप से बात करना बंद कर दिया था.
संदीप गुरुवार को दिल्ली आया था. शुक्रवार को वह दो बोतल पेट्रोल लेकर फैक्ट्री पहुंचा और युवती से शादी करने की बात कही. उसके इनकार के बाद उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. फैक्ट्री कर्मचारियों ने आग बुझाकर उसे दीप चंद बंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें संदीप ने संबंध खत्म होने को अपनी कार्रवाई की वजह बताया. युवती ने उसके साथ किसी संबंध से इनकार किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार को सूचना दे दी गई है.
