दिल्ली हाई कोर्ट ने पूर्व जज यशवंत वर्मा से जुड़े नकदी प्रकरण में FIR दर्ज करने और CBI या विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया. यह याचिका अधिवक्ता घनश्याम उपाध्याय ने दायर की थी.

जस्टिस अमित बंसल ने याचिकाकर्ता के मामले में अधिकार-क्षेत्र यानी locus पर सवाल उठाया और कहा कि वह पहले दिल्ली पुलिस से संपर्क कर सकते हैं. इसके बाद सक्षम मजिस्ट्रेट के सामने कानूनी उपाय अपनाने का विकल्प भी उपलब्ध है. सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिका को “wild witch hunt” बताया.

याचिकाकर्ता ने दलील दी कि मामला असाधारण प्रकृति का है और मजिस्ट्रेट CBI या SIT जांच का निर्देश देने में सक्षम नहीं होंगे. केंद्र और CBI की ओर से पेश वकील प्रेमतोश कुमार मिश्रा ने कहा कि याचिकाकर्ता पहले सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुके हैं, जहां उनकी याचिका खारिज हो गई थी.

मामला मार्च 2025 में नई दिल्ली स्थित जस्टिस वर्मा के आधिकारिक आवास के एक स्टोररूम में आग लगने के बाद कथित तौर पर जली और अधजली नकदी मिलने से जुड़ा है. अगस्त 2026 में संसद में रखी गई जांच समिति की रिपोर्ट में जस्टिस वर्मा के खिलाफ लगाए गए तीनों आरोपों को सही पाया गया था.