रामानंद सागर की चर्चित ‘रामायण’ से कई दशक पहले ही रामायण की कहानी भारतीय सिनेमा में दिखाई जा चुकी थी. दादासाहेब फाल्के की 1917 में बनी मूक फिल्म ‘लंका दहन’ को इस शुरुआती सिनेमाई प्रस्तुतियों में महत्वपूर्ण माना जाता है.
फिल्म की सबसे खास बात यह थी कि अभिनेता अन्ना सालुंके ने भगवान राम और माता सीता, दोनों भूमिकाएं निभाई थीं. उस दौर में फिल्मों में आवाज और संवाद नहीं होते थे, इसलिए ‘लंका दहन’ भी मूक फिल्म के रूप में दर्शकों तक पहुंची.
इसके बावजूद फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी. रामायण की लोकप्रिय कथा और पर्दे पर उसके शुरुआती चित्रण ने ‘लंका दहन’ को अपने समय की चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया. यह फिल्म भारतीय सिनेमा के उस दौर की याद दिलाती है, जब सीमित तकनीकी साधनों के बीच पौराणिक कहानियों को दृश्य माध्यम में पेश किया जा रहा था.
