फिल्म ‘3 इडियट्स’ की कहानी में इस्तेमाल होने वाली छोटी-छोटी चीजों ने दृश्यों को यादगार बनाने के साथ-साथ कथानक को आगे बढ़ाने में भी भूमिका निभाई. फिल्म के लेखक अभिजात जोशी ने राजकुमार हिरानी के साथ कोमल नाहटा से बातचीत में इस लेखन तकनीक के बारे में बताया.

जोशी के अनुसार, फिल्म लिखते समय टीम ने महसूस किया कि लगभग हर दृश्य में कोई न कोई ऑब्जेक्ट कहानी कहने में मदद कर रहा था. उन्होंने वैक्यूम क्लीनर से जुड़े दृश्य और ‘वायरस इन्वर्टर’ का उदाहरण दिया. हालांकि, उन्होंने कहा कि चतुर का भाषण इसका अपवाद था, क्योंकि वह पूरी तरह संवादों पर आधारित था.

घड़ी से आगे बढ़ी पिया और रैंचो की कहानी

जोशी ने करीना कपूर खान के किरदार पिया की घड़ी का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म के करीब 80 मिनट गुजरने के बाद पिया और रैंचो के बीच प्रेम की शुरुआत दिखानी थी. कहानी में इसके लिए ज्यादा समय नहीं था, इसलिए एक मिनट के भीतर पिया को यह एहसास कराना जरूरी था कि रैंचो केवल लापरवाह या मजाकिया व्यक्ति नहीं है, बल्कि उसमें गहराई भी है.

रैंचो का पिया की मां की पुरानी घड़ी पहचान लेना इसी बदलाव को दिखाता है. जोशी ने बताया कि घड़ी को पहले फिल्म में किसी अन्य जगह इस्तेमाल करने की योजना थी, लेकिन बाद में समझ आया कि यह दृश्य उस वस्तु के लिए अधिक प्रभावी है. उन्होंने पुदीने की चटनी को भी फिल्म में इसी तरह इस्तेमाल किए गए ऑब्जेक्ट के रूप में गिनाया.