अभिनेता आदर जैन और अलेखा आडवाणी ने अपनी शादी को कानूनी रूप से पंजीकृत करा लिया है. दोनों ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की. उनकी भव्य शादी फरवरी 2025 में हुई थी.
अलेखा और आदर ने पंजीकरण समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. तस्वीरों में दोनों आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते और अदालत परिसर में साथ पोज देते दिखाई दे रहे हैं. इस मौके पर आदर की मां रीमा जैन समेत परिवार के सदस्य भी मौजूद थे.
तस्वीरों के साथ साझा किए गए संदेश में दोनों ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “Trial period: OVER...No returns, no exchanges, no take-backs! Officially Mr. & Mrs. Jain! Finally made it legal with my favourite. Thank you, Ganpati Bappa, for blessing u.” पोस्ट के बाद दोस्तों, परिवार और कई सेलिब्रिटी प्रशंसकों ने उन्हें बधाइयां दीं.
समुद्र किनारे प्रपोजल से शुरू हुई कहानी
आदर ने सितंबर 2023 में समुद्र किनारे अलेखा को प्रपोज किया था. इसके दो महीने बाद, नवंबर 2023 में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने रिश्ते की पुष्टि की और अलेखा को अपनी “लाइट ऑफ माय लाइफ” बताया था.
अलेखा से पहले आदर अभिनेत्री तारा सुतारिया के साथ रिश्ते में थे. दोनों अगस्त 2020 में अपने संबंधों को सार्वजनिक रूप से साझा करने लगे थे, लेकिन बाद में अलग हो गए.
आदर, फिल्म निर्माता राज कपूर के पोते और रीमा जैन तथा मनोज जैन के बेटे हैं. वह रणबीर कपूर, करीना कपूर खान और करिश्मा कपूर के कजिन हैं. उन्होंने 2017 में फिल्म ‘कैदी बैंड’ से बॉलीवुड में शुरुआत की थी. उन्हें आखिरी बार 2021 में रिलीज हुई ‘हैलो चार्ली’ में देखा गया था.
