गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने लाइव परफॉर्मेंस में लिप-सिंकिंग के चलन पर सवाल उठाते हुए दर्शकों से वास्तविक गायन की मांग करने की अपील की है. छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में प्रस्तुति के दौरान उन्होंने एक हालिया विवाद का जिक्र किया, लेकिन संबंधित गायक का नाम नहीं लिया.

अभिजीत ने कहा कि यदि कोई कलाकार माइक्रोफोन पर वास्तव में नहीं गा रहा है तो दर्शकों और आयोजकों को ऐसी प्रस्तुति की अनुमति नहीं देनी चाहिए. उन्होंने उस घटना का संदर्भ दिया जिसमें एक मंत्री मंच पर आए और एक गायक से कहा कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है, तो गा कैसे पाएगा. अभिजीत के मुताबिक, मंत्री ने सच कहा, लेकिन बाद में लोगों की नजर में वही ‘विलेन’ बन गए.

उन्होंने छत्तीसगढ़ के दर्शकों से ऐसी प्रथाओं को रोकने की अपील की. अभिजीत ने कहा कि उनकी आवाज खराब हो, गला बैठा हो, वे थके हों या सुर से बाहर गा रहे हों, फिर भी वे मंच पर लाइव गाएंगे. उन्होंने इसे दर्शकों के समय, मेहनत की कमाई और कार्यक्रम आयोजित करने में प्रशासन व विभाग की मेहनत का सम्मान बताया.

अभिजीत ने यह भी कहा कि वे गायन के नाम पर केवल होंठ हिलाकर दर्शकों को ‘धोखा’ नहीं देंगे.

डलेर मेहंदी से जुड़ा विवाद

पिछले महीने उत्तराखंड के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने डलेर मेहंदी की प्रस्तुति के बीच हस्तक्षेप किया था. मंत्री ने उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाए और कहा था कि वे ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं, तो गा कैसे पाएंगे. बाद में मंत्री ने ANI को बताया कि कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए डलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे.

इस घटना के बाद मीका सिंह और कुछ अन्य कलाकारों ने मंत्री की आलोचना की. मीका सिंह ने कहा था कि डलेर मेहंदी उस समय अस्वस्थ थे. मंत्री ने डलेर मेहंदी से माफी मांगने से इनकार किया था.