अभिषेक बच्चन ने अपनी बेटी आराध्या बच्चन के संगीत प्रेम और एरियाना ग्रांडे के कॉन्सर्ट का अनुभव साझा किया है. उन्होंने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान आराध्या उन्हें और ऐश्वर्या राय बच्चन को विदेश में आयोजित एरियाना ग्रांडे के कॉन्सर्ट में ले गई थीं.

बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में अभिषेक ने कहा कि कॉन्सर्ट में जाने से पहले उन्हें ग्रांडे का एक भी गाना नहीं पता था. हालांकि, गायिका की आवाज और मंच पर उनकी प्रस्तुति ने उन्हें काफी प्रभावित किया. अभिषेक के मुताबिक, एरियाना की आवाज की गुणवत्ता असाधारण थी और उनके युवा प्रशंसकों का उत्साह भी देखने लायक था.

आराध्या के संगीत से नई पीढ़ी के कलाकारों से परिचय

अभिषेक ने बताया कि आराध्या की पसंद के कारण वह ओलिविया रोड्रिगो, टेलर स्विफ्ट और एरियाना ग्रांडे जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों का संगीत सुनते हैं. उन्होंने आराध्या की संगीत पसंद को ‘बहुत विविध’ बताया. उनके अनुसार, आराध्या को 1980 के दशक का संगीत भी पसंद है और वह बॉन जोवी, वैन हेलन तथा मेटालिका जैसे बैंड भी सुनती हैं.

अभिषेक ने यह भी कहा कि वह किशोर कुमार के प्रशंसक हैं और पुराने हिंदी फिल्म संगीत के साथ-साथ आरडी बर्मन, एसडी बर्मन, कल्याणजी-आनंदजी, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल और बप्पी लाहिड़ी की रचनाएं सुनना पसंद करते हैं. उन्होंने माना कि युवा कलाकारों के संगीत को केवल पीढ़ीगत पसंद के आधार पर खारिज नहीं करना चाहिए.

काम की बात करें तो अभिषेक बच्चन अगली बार शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसमें अभिषेक नकारात्मक भूमिका निभाएंगे.