अजय देवगन और निर्माता भूषण कुमार एक बार फिर साथ काम कर सकते हैं. दोनों के बीच भारतीय जासूसी की दुनिया पर आधारित बड़े बजट की स्पाई थ्रिलर को लेकर बातचीत चल रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी नई और पहले से अलग बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि अजय देवगन और भूषण कुमार इस प्रोजेक्ट को लेकर कई बैठकें कर चुके हैं. अभिनेता की ओर से फिल्म में रुचि होने की बात सामने आई है, हालांकि अभी उनके आधिकारिक रूप से फिल्म साइन करने की पुष्टि नहीं हुई है. फिल्म के निर्देशक और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है.

अगर अजय देवगन इस प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं, तो इसकी शूटिंग 2027 में शुरू हो सकती है. निर्माताओं का लक्ष्य इसे 2028 के मध्य के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज करने का बताया जा रहा है. बड़े बजट और जासूसी पृष्ठभूमि के कारण इसे अजय देवगन की संभावित बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है.

अजय देवगन और भूषण कुमार इससे पहले ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’, ‘रेड 2’, ‘दृश्यम 2’, ‘धमाल 4’ और ‘दे दे प्यार दे’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं.

अजय देवगन की आगामी फिल्मों में रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ के अलावा ‘रेंजर’ और ‘चौहान’ का नाम भी शामिल है. ‘रेंजर’ का निर्देशन जगन शक्ति कर रहे हैं, जबकि इसमें संजय दत्त के खलनायक की भूमिका निभाने की बात कही गई है.