गायिका अलिशा चिनॉय ने बताया है कि उन्होंने बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग से दूरी क्यों बनाई. एक बातचीत में उन्होंने कहा कि वह प्लेबैक सिंगर्स के साथ होने वाले व्यवहार और म्यूजिक लेबल्स से जुड़ी पूरी स्थिति से परेशान हो गई थीं. उनके मुताबिक, उन्हें एक कलाकार के तौर पर संतुष्टि नहीं मिल रही थी.

अलिशा चिनॉय ने कहा कि वह खुद को केवल प्लेबैक सिंगर नहीं मानतीं और अपने काम से कलाकार के रूप में संतुष्टि चाहती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्लेबैक गायकों को पीछे कर दिया जाता था, जबकि किसी गाने को हिट बनाने में आवाज की अहम भूमिका होती है. उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि वह अपने गाने की स्टार अब भी खुद को मानती हैं.

गायिका ने बताया कि यह फैसला लेने से पहले उन्होंने लंबे समय तक विचार नहीं किया. उनका कहना था कि एक समय उन्होंने बस तय कर लिया कि अब उन्हें काम नहीं करना है. उनके अनुसार, कुछ संगीतकारों ने इस फैसले के बाद उनसे संपर्क भी किया, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि वह काम नहीं करना चाहतीं.

अलिशा चिनॉय ने अपने इस फैसले को ‘मेड इन इंडिया’ की सफलता से भी जोड़ा. उन्होंने बताया कि इस गाने के बाद अगले करीब पांच साल तक वह लगातार शोज और दौरों में व्यस्त रहीं. लाइव कार्यक्रमों में उन्हें एक स्टार के रूप में पहचान मिली, जबकि बॉलीवुड में वह खुद को केवल प्लेबैक सिंगर की भूमिका तक सीमित महसूस करती थीं.

अलिशा ने 1985 में ‘Adventures Of Tarzan’ से गायन करियर शुरू किया था. ‘मेड इन इंडिया’ ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई. बाद में ‘कजरा रे’, ‘टच मी’, ‘आज की रात’ और ‘तेरा होने लगा हूं’ जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता बनाए रखी.