इलाहाबाद यानी आज के प्रयागराज के मिजाज पर आधारित Storybox का यह एपिसोड शहर की हाजिरजवाबी, साहित्यिक माहौल और रोजमर्रा की जिंदगी में छिपे हास्य को सामने लाता है. कहानी में ऑटो चालक की साहित्यिक समझ, शायर फ़िराक़ गोरखपुरी से जुड़ा किस्सा और एक ऐसे व्यक्ति की दास्तान शामिल है, जिसने अपनी बेटी के सामने सम्मान पाने के लिए अजनबी से अजीब मदद मांग ली.
किस्से की शुरुआत इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से निकलने वाले दो अंग्रेजी के प्रोफेसरों से होती है. ऑटो में बैठकर दोनों Kafka, Absurdity, Existentialism और साहित्यिक पात्रों पर गंभीर चर्चा कर रहे होते हैं. बातचीत के दौरान उन्हें Albert Camus का नाम याद नहीं आता. तभी ऑटो चालक आगे की सीट से नाम पूरा कर देता है और Camus के बारे में यह भी बताता है कि उन्हें 1957 में Nobel मिला था.
प्रोफेसर जब उससे पूछते हैं कि उसने साहित्य पढ़ा है या नहीं, तो चालक बताता है कि उसने कभी प्रोफेसर बनने की तैयारी की थी. हालांकि, वह नौकरी के बजाय ऑटो चलाने को बेहतर मानता है—जब चाहो काम करो, जब चाहो रुक जाओ और अपनी सुविधा से कमाई करो. यह प्रसंग इलाहाबाद के उस लोकप्रिय चित्र को रेखांकित करता है, जहां साधारण दिखने वाले लोगों की बातचीत में भी ज्ञान और तर्क की झलक मिलती है.
एपिसोड में फ़िराक़ गोरखपुरी से जुड़ा एक व्यंग्यात्मक किस्सा भी सुनाया गया है. एक शायर उनसे अपनी गजल की किताब के लिए भूमिका लिखने को कहते हैं. फ़िराक़ अपनी संक्षिप्त भूमिका में शायर का परिचय देते हुए लिखते हैं कि वह शेर कहते हैं, दिल्ली में रहते हैं और सरकारी कर्मचारी हैं. जब शायर अपनी साहित्यिक उपलब्धि के बारे में एक पंक्ति और जोड़ने का आग्रह करते हैं, तो फ़िराक़ मजाक में कहते हैं कि गजल को नया मोड़ देने की कोशिश न करें, वरना वह टूट सकती है.
कहानी का मुख्य हिस्सा एक ऐसे व्यक्ति पर केंद्रित है, जो अपनी बेटी के साथ पार्क की बेंच पर बैठा दिखाई देता है. कथावाचक उसे देखकर समझता है कि वह किसी मदद की तलाश में है. लेकिन वह व्यक्ति पैसे मांगने के बजाय एक अनोखी गुजारिश करता है. वह चाहता है कि कोई उसकी बेटी के सामने उसे लेखक और प्रशंसित साहित्यकार बताकर उसका ऑटोग्राफ ले. उसकी किताब का नाम ‘चूने की चांदनी’ बताया जाता है.
कथावाचक उसकी भावनात्मक अपील से प्रभावित होकर अभिनय करने को तैयार हो जाता है. वह बच्ची के सामने उस व्यक्ति को मशहूर लेखक बताता है और उससे ऑटोग्राफ लेता है. इसके बाद वह उसे एक हजार रुपये भी दे देता है. उसे लगता है कि उसने एक असफल लेखक को उसकी बेटी की नजर में सम्मान दिलाने का नेक काम किया है.
लेकिन कुछ दिन बाद कहानी अप्रत्याशित मोड़ लेती है. पार्क में वही बच्ची अकेली मिलती है. पूछने पर वह बताती है कि उसके पिता चार साल से बेंगलुरु में रहते हैं. उस दिन उसके पास बैठा व्यक्ति उसका पिता था ही नहीं. कथावाचक को तब समझ आता है कि वह भावुकता में ठगा गया. जेब में रखी पर्ची खोलने पर ऑटोग्राफ की जगह लिखा मिलता है—‘इलाहाबाद में स्वागत है महाराज.’
यह कहानी शहर की चतुराई और हास्य के साथ-साथ कथावाचक की अपनी जल्दबाजी पर भी हल्का व्यंग्य करती है. Storybox का यह एपिसोड साहित्य, किस्सागोई और इलाहाबादी अंदाज को मिलाकर सुनने वालों के सामने एक मनोरंजक दुनिया पेश करता है.
