तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश ने हैदराबाद पुलिस से अपने आवास के पास देर रात तक तेज संगीत बजने की शिकायत की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि शैकपेट के विनोभा नगर स्थित एक हनुमान मंदिर में पिछले कुछ दिनों से रात करीब 2 से 3 बजे तक ऊंची आवाज में संगीत बजाया जा रहा था.

सिरीश के अनुसार, वह शैकपेट की अपर्णा वन सोसाइटी में रहते हैं और इस शोर से आसपास के बुजुर्ग, बच्चे तथा कामकाजी निवासी परेशान हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले फिल्मनगर पुलिस थाने से भी संपर्क किया गया था. उनके मुताबिक, गणेश विसर्जन के कारण 25 सितंबर तक इंतजार करने को कहा गया था, लेकिन उत्सव समाप्त होने के बाद भी संगीत जारी रहने का आरोप है.

हैदराबाद सिटी पुलिस ने उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामला आवश्यक कार्रवाई के लिए फिल्मनगर थाने के एसएचओ के संज्ञान में भेज दिया गया है.

सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद सिरीश ने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि रात में तेज डीजे संगीत और नागरिकों को होने वाली असुविधा से है.