संगीतकार अमित त्रिवेदी ने अपने बॉलीवुड डेब्यू से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है. कोमल नाहटा के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि फिल्मों में काम करना उनकी शुरुआती योजना का हिस्सा नहीं था. वह स्टेज म्यूजिकल परफॉर्मेंस कर चुके थे और करीब चार-पांच साल तक विज्ञापन व टेलीविजन के क्षेत्र में काम कर चुके थे. उनका लक्ष्य स्वतंत्र संगीत तैयार करना था.

अमित ने बताया कि विज्ञापन के काम के दौरान उनकी मुलाकात गायिका शिल्पा राव से हुई. उन्हें शिल्पा की आवाज पसंद आई और दोनों की दोस्ती हो गई. इसके बाद उन्होंने शिल्पा के साथ एक म्यूजिक एल्बम बनाने की योजना बनाई. दोनों का पहला सहयोग ‘ढोल यारा ढोल’ था, जिसका बाद में फिल्म ‘देव डी’ में भी इस्तेमाल हुआ.

अमित के मुताबिक, वह इस गाने का म्यूजिक वीडियो बनाकर MTV या Sony जैसे प्लेटफॉर्म पर पेश करना चाहते थे. हालांकि, शिल्पा राव ने उनके गाने फिल्म निर्देशकों तक पहुंचाने शुरू कर दिए. अमित ने मजाकिया अंदाज में कहा कि एक तरह से शिल्पा ने उनके लिए संघर्ष किया.

शिल्पा ही उन्हें अनुराग कश्यप से मिलाने ले गईं. अमित ने बताया कि वह फिल्मी दुनिया को लेकर झिझकते थे और उन्हें लगता था कि स्वतंत्र संगीत की अपनी छोटी-सी दुनिया में वह सहज हैं. अनुराग कश्यप ने उन्हें सहज महसूस कराया. उस समय ‘ब्लैक फ्राइडे’ रिलीज हो चुकी थी और ‘No Smoking’ पर काम चल रहा था.

अनुराग ने उन्हें ‘No Smoking’ का बिना बैकग्राउंड स्कोर और डबिंग वाला शुरुआती संस्करण दिखाया. अमित ने हंसते हुए कहा कि फिल्म देखकर उन्हें कुछ समझ नहीं आया था और वह सोचने लगे थे कि अगर उनसे फिल्म पर राय पूछी गई तो वह क्या जवाब देंगे.

‘No Smoking’ में जॉन अब्राहम मुख्य भूमिका में थे, जबकि परेश रावल और रणविजय शौरी सहायक भूमिकाओं में नजर आए थे.