संगीतकार अमित त्रिवेदी ने फिल्म ‘लुटेरा’ के चर्चित गाने ‘जिंदा’ को लेकर एक व्यक्तिगत अनुभव साझा किया है. उन्होंने बताया कि यह गीत मूल रूप से फिल्म के लिए नहीं लिखा गया था, बल्कि उनकी निजी जिंदगी के एक मुश्किल दौर से निकला था.

कोमल नाहटा के साथ बातचीत में अमित त्रिवेदी ने कहा कि उन्होंने यह गाना अपने लिए लिखा था. उनके मुताबिक, उस समय वह किसी बात को लेकर काफी तनाव में थे और एक दिन बहुत दुखी और परेशान होकर हारमोनियम लेकर बैठ गए. उन्होंने एफ-शार्प स्केल दबाया और अचानक धुन के साथ पंक्ति गाने लगे—‘मुझे छोड़ दो, मेरे हाल पे, जिंदा हूं यार, काफी है.’

अमित ने बताया कि उन्हें खुद भी हैरानी हुई कि यह गाना अचानक कहां से आ गया. धुन पसंद आने के बाद उन्होंने उसे रिकॉर्ड करने का फैसला किया. उसी दौरान ‘लुटेरा’ के संगीत पर भी काम चल रहा था. बाद में उन्हें लगा कि यह गीत फिल्म के क्लाइमेक्स के लिए उपयुक्त है और इस तरह यह ‘लुटेरा’ का हिस्सा बन गया.

‘एक मैं और एक तू’ का अनुभव भी साझा किया

बातचीत में अमित त्रिवेदी ने ‘एक मैं और एक तू’ पर काम करने का अनुभव भी बताया. उन्होंने कहा कि फिल्म के दौरान उनके गाने बार-बार अस्वीकार हो रहे थे. अगर निर्देशक शकुन बत्रा को कोई गाना पसंद आता, तो निर्माता करण जौहर उसे पसंद नहीं करते थे और कई बार स्थिति इसके उलट होती थी.

अमित के अनुसार, इससे पहले ‘वेक अप सिड’ के ‘इकतारा’ सहित उनकी शुरुआती फिल्मों का काम अपेक्षाकृत सहज रहा था. उन्होंने कहा कि ‘एक मैं और एक तू’ के दौरान परिस्थितियां उनके पिछले अनुभवों के बिल्कुल विपरीत थीं.