दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिनेता अमिताभ बच्चन के व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़े मामले में उनके पक्ष में अंतिम डिक्री पारित की है. अदालत ने कई संस्थाओं और अज्ञात व्यक्तियों को उनकी अनुमति के बिना उनके नाम, तस्वीर, आवाज या पहचान का व्यावसायिक इस्तेमाल करने से रोक दिया. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने की.
यह मामला नवंबर 2022 में पारित अंतरिम आदेश के बाद आगे बढ़ा था. अदालत ने माना कि किसी व्यक्ति की पहचान के व्यावसायिक इस्तेमाल को नियंत्रित करने का अधिकार ‘पब्लिसिटी राइट’ के तहत आता है. अदालत के अनुसार, बच्चन के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल इस तरह किया गया था, जिससे उत्पादों या सेवाओं के समर्थन का झूठा संकेत मिल सकता था.
मामले में ‘Amitabh Bachchan Video Call’ नाम का मोबाइल एप्लिकेशन, कथित ‘कौन बनेगा करोड़पति’ लॉटरी के प्रचार वाले संदेश, उनकी तस्वीर वाली सामान्य ज्ञान की किताब, टी-शर्ट, पोस्टर और उनकी पहचान से जुड़े डोमेन नाम शामिल थे.
चार प्रतिवादियों ने किया समझौता
रजत नागी, Manoj Publications, Tamatina और Mahesh Patel ने बच्चन के साथ समझौता किया और उनके पब्लिसिटी तथा प्राइवेसी अधिकारों को स्वीकार किया. समझौते के तहत वीडियो-कॉल एप्लिकेशन हटाने, क्विज बुक का प्रकाशन और पोस्टरों की बिक्री रोकने तथा amitabhbachchan.in डोमेन नाम मिटाने पर सहमति बनी.
अन्य प्रतिवादी अदालत में पेश नहीं हुए और न ही उन्होंने लिखित जवाब दाखिल किया. अदालत ने कहा कि मामले में ऐसे विवादित तथ्य नहीं हैं जिनके लिए मुकदमे की पूरी सुनवाई जरूरी हो. इसलिए उनके खिलाफ समरी जजमेंट दिया गया.
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में बच्चन की पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर वह नई कानूनी कार्रवाई शुरू कर सकते हैं. नवंबर 2022 का अंतरिम आदेश अब अंतिम डिक्री में समाहित हो गया है.
