अनिल कपूर ने अपनी चर्चित फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के लुक को 39 साल बाद एक बार फिर जीवंत किया है. अभिनेता ने अपने गेम शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के विशेष एपिसोड में फिल्म में पहना मूल कोट, शर्ट और ट्राउजर पहनकर प्रशंसकों को पुरानी यादों से जोड़ दिया.
कपूर ने बताया कि उन्होंने यह कॉस्ट्यूम संभालकर रखा था. उनके अनुसार, 39 साल बाद भी शर्ट, ट्राउजर और जैकेट उन्हें फिट आते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि टीम जब ‘मिस्टर इंडिया’ के कॉस्ट्यूम की तलाश कर रही थी, तब उन्होंने बताया कि मूल पोशाक उनके पास सुरक्षित है.
चोर बाजार से खरीदी थी जैकेट
विशेष एपिसोड के दौरान अभिनेता ने अपनी जैकेट से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि यह जैकेट उन्होंने मुंबई के चोर बाजार से खरीदी थी. कपूर ने यह भी कहा कि उन्होंने फिल्म के समय जैसे लंबे बाल रखे थे, उसी तरह अब भी बाल बढ़ाए हैं और इस वजह से पूरा लुक उन्हें फिल्म की याद दिला रहा है.
‘इंडिया के टॉप 1%’ का यह एपिसोड उन लोगों को समर्पित है जो बिना किसी इनाम या पहचान की अपेक्षा के देश और समाज की सेवा करते हैं. कार्यक्रम में सामान्य पहेलियों और खेलों के साथ ऐसे लोगों की जिम्मेदारी और योगदान पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है.
कपूर ने एपिसोड की थीम को ‘मिस्टर इंडिया’ के संदेश से जोड़ते हुए कहा कि हर व्यक्ति ‘मिस्टर इंडिया’ बन सकता है और देश के लिए अपना योगदान दे सकता है.
शेखर कपूर के निर्देशन में बनी ‘मिस्टर इंडिया’ 1987 में रिलीज हुई थी. फिल्म में अनिल कपूर के साथ श्रीदेवी और अमरीश पुरी मुख्य भूमिकाओं में थे. ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे Star Plus और JioHotstar पर प्रसारित होता है.
