म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं. दोनों ने ग्रीस में समुद्र किनारे एक अंतरंग समारोह में शादी की. शादी की सामने आई तस्वीरों में कपल फूलों से सजे मंडप के बीच साथ नजर आ रहा है.
तस्वीरों में अनिरुद्ध और काव्या एक-दूसरे का हाथ थामे दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में दोनों के ऊपर फूलों की बारिश होती दिखती है, जबकि दूसरी तस्वीर में वे मंडप के बीच एक-दूसरे की आंखों में देखते हुए नजर आते हैं. समुद्र का नीला पानी और सफेद-पीले फूलों से सजा मंडप समारोह की खास झलक पेश करता है.
अनिरुद्ध का आइवरी एथनिक लुक
अनिरुद्ध ने शादी के लिए आइवरी रंग का कुर्ता और मैचिंग वेष्टी पहनी. दक्षिण भारतीय पारंपरिक पोशाक को उन्होंने बारीक कढ़ाई वाली लंबी जैकेट के साथ पूरा किया. जैकेट पर गोल्डन डिटेलिंग थी, जिसने उनके लुक को रॉयल अंदाज दिया. कुर्ते, वेष्टी और एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट का संयोजन पारंपरिक होने के साथ-साथ सादगी भरा भी नजर आया.
ब्लश पिंक लहंगे में नजर आईं काव्या
काव्या मारन ने ब्लश पिंक रंग का फिशकट लहंगा पहना. लहंगे पर बारीक एम्ब्रॉयडरी और शिमरिंग सीक्विन वर्क किया गया था. उन्होंने इसके साथ मैचिंग ब्लाउज और स्टेटमेंट चोकर नेकलेस पहना. मैचिंग ईयररिंग्स, सॉफ्ट मेकअप और खुले वेवी बालों ने उनके ब्राइडल लुक को पूरा किया.
दोनों ने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “My once in a lifetime, for a lifetime, 11.11.” तस्वीरें सामने आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयां मिलने लगीं. सन पिक्चर्स ने भी कपल की तस्वीर साझा कर उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं.
