‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया नागर ने अभिनेता रणबीर कपूर के काम की सराहना करते हुए नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर उत्साह जताया है. एक बातचीत में उन्होंने कहा कि फिल्म से अब तक जो कुछ उन्होंने देखा है, वह ‘फेनोमेनल’ काम है.
रेडियो सिटी से बातचीत में नागर ने कहा कि वह बचपन से रणबीर कपूर की फिल्में देखती रही हैं और उन्हें भगवान राम की भूमिका में देखने के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने इसे संयोग बताते हुए कहा कि पहले हनुमान जी से जुड़ी फिल्म आई और अब राम जी की कहानी पर्दे पर आ रही है.
‘बर्फी!’ और ‘तमाशा’ का जिक्र
रणबीर कपूर की अपनी पसंदीदा फिल्मों के बारे में पूछे जाने पर नागर ने ‘बर्फी!’ का नाम लिया. उन्होंने इम्तियाज अली निर्देशित ‘तमाशा’ को भी पसंद बताया. नागर के मुताबिक, ‘तमाशा’ ने लोगों के संघर्षों और समस्याओं को फिल्म के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने रखा.
आध्यात्मिक फिल्मों पर रहेगा फोकस
नागर ने अपनी आगामी योजनाओं पर कहा कि फिलहाल उनका उद्देश्य आध्यात्मिक विषयों पर फिल्में बनाना है. उन्होंने बताया कि वह भारतीय संस्कृति, मूल्यों और इतिहास से जुड़ी कहानियां बच्चों तक पहुंचाना चाहती हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इनसे परिचित रहें.
उन्होंने कहा कि उनका फोकस केवल वर्तमान पीढ़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य के बच्चों तक भी सांस्कृतिक कथाएं और मूल्य पहुंचाने का है.
