संगीतकार एआर रहमान ने बॉलीवुड फिल्मकारों से कश्मीर में अधिक शूटिंग करने और पर्दे पर घाटी की प्राकृतिक सुंदरता व शांति को प्रमुखता से दिखाने की अपील की है. उन्होंने कश्मीर को सुंदर और सौभाग्यशाली जगह बताया.

मीडिया से बातचीत में रहमान ने कहा कि फिल्मों में हिंसा या अतीत की चर्चाओं के बजाय प्रकृति को सकारात्मक नजरिये से पेश किया जाना चाहिए. उनके अनुसार, अतीत बीत चुका है और भविष्य उज्ज्वल है.

रहमान ने जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की पहल को भी सराहा. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन आगे चलकर व्यापक पहचान बनाएगा और अधिक लोग कश्मीर की मेहमाननवाजी, संस्कृति तथा माहौल से परिचित होंगे.

उन्होंने बताया कि वह एक विज्ञापन की शूटिंग के लिए कश्मीर आए थे, जिसका काम पूरा हो चुका है. रहमान ने भविष्य में यहां लाइव प्रस्तुति की संभावना पर भी कहा कि इस संबंध में बातचीत चल रही है.

स्थानीय कलाकारों के साथ सहयोग के सवाल पर रहमान ने कश्मीरी लोक और पारंपरिक संगीत की संभावनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि फिल्म ‘रॉकस्टार’ के लिए उन्होंने कश्मीर में महिलाओं के लोकगीत रिकॉर्ड किए थे और आगे भी यहां अधिक काम करने की इच्छा रखते हैं.