फ्रांसीसी निर्देशक आर्थर हारारी ने AI के बढ़ते इस्तेमाल को ‘फिसलन भरी राह’ बताया है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अपनी नई फिल्म ‘द अननोन’ के एक महत्वपूर्ण दृश्य के लिए उनकी टीम ने डीपफेक टूल का इस्तेमाल किया था. हारारी ने यह बात माराकेच फिल्म फेस्टिवल की बातचीत श्रृंखला में कही.

फिल्म समीक्षक और इतिहासकार चार्ल्स टेसों के साथ बातचीत में हारारी से रचनात्मक प्रक्रिया में AI की भूमिका पर सवाल पूछा गया. उन्होंने कहा कि AI का इस्तेमाल तेजी से आम और आकर्षक होता जा रहा है, लेकिन निजी तौर पर वह अपनी फिल्मों में इससे बचना पसंद करेंगे.

इसके बाद उन्होंने बताया कि ‘द अननोन’ में एक दृश्य है, जिसमें लेआ सेडू का किरदार खुद लेआ सेडू को चूमता है. इस दृश्य को पूरा करने के लिए टीम को डीपफेक तकनीक का सहारा लेना पड़ा. हारारी ने जोर देकर कहा कि इस प्रक्रिया के पीछे हमेशा एक इंसान मौजूद था, जो तकनीक को नियंत्रित और संचालित कर रहा था.

निर्देशक के अनुसार, वह AI को सिद्धांत रूप में पूरी तरह खारिज नहीं करते. साधारण शोध जैसे कामों में उन्हें यह तकनीक उपयोगी और वैध लगती है. लेकिन लेखन प्रक्रिया के हिस्से तैयार करने में AI के इस्तेमाल को लेकर उन्होंने सावधानी बरतने की बात कही. उनका मानना है कि एक बार इसका इस्तेमाल शुरू करने के बाद हर स्तर पर उसी पर निर्भर होने का खतरा रहता है.

कान फिल्म फेस्टिवल की प्रतियोगिता में प्रदर्शित ‘द अननोन’ में सेडू एक अनजान महिला की भूमिका में हैं. कहानी में डेविड नाम का फोटोग्राफर उसके साथ एक रात बिताने के बाद जागता है और खुद को उसके शरीर में फंसा पाता है. फिल्म हारारी द्वारा सह-लिखे गए एक ग्राफिक नॉवेल पर आधारित है.

माराकेच फिल्म फेस्टिवल 20 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है.