फिल्म ‘आर्टिकल 370’ ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में तीन सम्मान हासिल किए हैं. फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया. इसके अलावा फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन (गीत) का पुरस्कार भी घोषित किया गया है.
फिल्म की इस उपलब्धि पर निर्माता आदित्य धर ने खुशी और आभार जताया. उन्होंने इसे अपने प्रोडक्शन बैनर B62 Studios के लिए खास उपलब्धि बताया. यह बैनर की पहली फिल्म है. आदित्य धर ने फिल्म से जुड़े सहयोगियों—लोकेंद्र धर, ज्योति देशपांडे, यामी गौतम धर, संगीतकार शाश्वत और निर्देशक आदित्य सुहास जांभले समेत पूरी टीम—का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए यात्रा का अंत नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी की शुरुआत है. आदित्य धर के मुताबिक, इस उपलब्धि से भारतीय कहानियों और भारतीय सिनेमा को देश की सीमाओं से आगे ले जाने का संकल्प और मजबूत हुआ है.
यामी गौतम ने परिवार और टीम को दिया श्रेय
यामी गौतम ने पुरस्कार मिलने के बाद साझा किए भावुक संदेश में कहा कि कलाकार के लिए वह क्षण बेहद खास होता है, जब लगातार मेहनत, उम्मीद और संघर्ष के बाद उसे अपनी प्रतिभा व्यक्त करने का अवसर मिलता है. उन्होंने पुरस्कार को केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन लोगों और अनुभवों का परिणाम बताया, जिन्होंने उनकी यात्रा को आकार दिया.
अभिनेत्री ने अपने बेटे वेदाविद का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि फिल्म बनने के दौरान वेदाविद ने उन्हें असाधारण ताकत दी. यामी ने अपने पति आदित्य धर को भी धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने हर दौर में उनका साथ दिया तथा उनके सपनों पर विश्वास बनाए रखा.
‘आर्टिकल 370’ का निर्देशन आदित्य सुहास जांभले ने किया है. उन्होंने आदित्य धर, मोनाल ठाकुर और अर्जुन धवन के साथ फिल्म की पटकथा भी लिखी. फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेंद्र धर ने किया है. इसमें यामी गौतम धर और प्रियामणि प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
फिल्म की कहानी जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष दर्जे से जुड़े 2019 के संवैधानिक बदलाव की पृष्ठभूमि पर आधारित है. ‘आर्टिकल 370’ 23 फरवरी 2024 को दुनियाभर में रिलीज हुई थी.
