अरुण गोविल को आज भी रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका के लिए याद किया जाता है. हालांकि, उन्होंने बड़े पर्दे पर रामायण के एक अन्य प्रमुख पात्र लक्ष्मण का किरदार भी निभाया था.

गोविल ने 1997 में रिलीज हुई फिल्म ‘लव कुश’ में लक्ष्मण की भूमिका की थी. फिल्म में जीतेंद्र ने भगवान राम और जया प्रदा ने सीता का किरदार निभाया था. दारा सिंह हनुमान और प्राण वाल्मीकि की भूमिका में नजर आए थे. फिल्म का निर्देशन वी. मधुसूदन राव ने किया था.

हालिया बातचीत में अरुण गोविल ने बताया कि वह इस भूमिका को लेकर शुरू में आश्वस्त नहीं थे. उनका मानना था कि दर्शकों के बीच राम की उनकी मजबूत छवि के बाद लक्ष्मण का किरदार निभाना सही फैसला नहीं होगा. उन्होंने निर्माताओं को इस बारे में आगाह भी किया, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई.

गोविल के अनुसार, फिल्म इतनी असफल रही कि वह एक दिन भी नहीं चल सकी. ‘लव कुश’ के बाद उनका राम से लक्ष्मण और फिर हालिया फिल्म में दशरथ का किरदार निभाना उनके अभिनय करियर का अनोखा संयोग है.