अभिनेत्री असिन थोट्टुमकल के पति और Micromax के सह-संस्थापक राहुल शर्मा ने अपनी बेटी अरिन रेन शर्मा की परवरिश को लेकर बात की है. उन्होंने बताया कि सात साल की अरिन करीब 12 भाषाएं समझ और बोल सकती हैं. इनमें कोरियन, जापानी, थाई और चीनी भाषाएं भी शामिल हैं.
राहुल ने कहा कि उन्हें खुद हिंदी और अंग्रेजी से आगे भाषाएं बोलने में कठिनाई होती है, जबकि उनकी बेटी कम उम्र में ही कई भाषाओं से परिचित हो गई है. उन्होंने इसके पीछे असिन के योगदान को अहम बताया.
घर में स्क्रीन टाइम पर रोक
राहुल के मुताबिक, दंपती ने अरिन को अब तक टीवी या मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी है. उन्होंने कहा कि घर में किताबों को खास महत्व दिया जाता है और अरिन का समय पढ़ने में बीतता है.
राहुल ने बताया कि अरिन अभी दूसरी कक्षा में पढ़ती हैं, लेकिन घर में आठवीं और नौवीं कक्षा की किताबें भी मौजूद हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इसी तरह किताबें जुटती रहीं तो अरिन दसवीं की बोर्ड परीक्षा भी दे सकती हैं. राहुल ने इस पूरे माहौल का श्रेय असिन को दिया.
राहुल ने असिन को अपने जीवन में लगातार प्रोत्साहन देने वाली शख्सियत बताया. उनके अनुसार, असिन मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं. उन्होंने कहा कि जीवनसाथी ऐसा होना चाहिए जो व्यक्ति का हौसला बढ़ाए, न कि उसे पीछे खींचे.
शादी के बाद फिल्मों से बनाई दूरी
असिन ने 2001 में मलयालम फिल्म ‘नरेंद्रन मकन जयकांतन वका’ से अभिनय की शुरुआत की थी. तेलुगु फिल्मों में पहचान बनाने के बाद उन्होंने 2008 में आमिर खान के साथ ‘गजनी’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा. इसके बाद वह ‘लंदन ड्रीम्स’, ‘रेडी’, ‘हाउसफुल 2’, ‘खिलाड़ी 786’ और ‘बोल बच्चन’ जैसी फिल्मों में नजर आईं.
‘ऑल इज वेल’ (2015) को उनके करियर की आखिरी फिल्म बताया जाता है. 2016 में राहुल शर्मा से शादी के बाद उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली.
