ऑस्टिन अब्रैम्स ने आगामी फिल्म ‘रेजिडेंट ईविल’ में अपनी भूमिका और निर्देशक जैक क्रेगर के काम करने के अंदाज पर बात की है. फिल्म में अब्रैम्स मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. यह ‘रेजिडेंट ईविल’ फ्रेंचाइज़ी में उनका पहला प्रोजेक्ट और क्रेगर के साथ दूसरी फिल्म है. दोनों इससे पहले ‘Weapons’ में साथ काम कर चुके हैं.

अब्रैम्स के मुताबिक, फिल्म का हिस्सा बनने की प्रमुख वजह क्रेगर का हॉरर और कॉमेडी को एक साथ पिरोने का तरीका था. अभिनेता ने कहा कि क्रेगर का हास्य उन्हें काफी पसंद है, क्योंकि वह एक पल में दर्शकों को डरा सकते हैं और अगले ही पल हंसा सकते हैं. अब्रैम्स ने इसे निर्देशक का अपना खास ‘फ्लेवरिंग’ बताया.

ब्रायन की जिम्मेदारी लेने की कोशिश

फिल्म में अब्रैम्स ब्रायन नाम के किरदार के रूप में नजर आएंगे. अभिनेता ने उसके सफर को भावनात्मक यात्रा बताया. उनके अनुसार, ब्रायन अभी वयस्क होने की प्रक्रिया में है. उसमें अपरिपक्वता और कुछ स्वार्थी गुण हैं, लेकिन वह जिम्मेदारी लेने और सही काम करने की कोशिश कर रहा है.

अब्रैम्स ने कहा कि ब्रायन अपने जीवन के उस मोड़ पर है, जहां वह खुद को साबित करने की कोशिश कर रहा है और अपने काम को पूरा करना चाहता है.

निर्माता मिरी यून ने अब्रैम्स के अभिनय को स्वाभाविक और ईमानदार बताया. उनके मुताबिक, अभिनेता ऐसे आम व्यक्ति का प्रभावी चित्रण करते हैं, जो हथियार चलाने, लड़ने या मुश्किल परिस्थितियों में जीवित रहने के लिए तैयार नहीं है, फिर भी तबाही और खून-खराबे से भरे दिन से निकलने की कोशिश करता है.

निर्माता रॉय ली ने भी अब्रैम्स की शारीरिक तैयारी और भावनात्मक प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि अभिनेता किरदार में जुझारूपन के साथ उसका दिल और उम्मीद भी दिखाते हैं, जिससे दर्शक उसके बचने की लगातार उम्मीद करते हैं.

‘रेजिडेंट ईविल’ को Columbia Pictures और Constantin Film ने TriStar Pictures के सहयोग से बनाया है. फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल तथा तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध होगी.