Marvel की आगामी फिल्म ‘Avengers: Doomsday’ को लेकर शुरुआती बॉक्स ऑफिस अनुमान बेहद मजबूत हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए ट्रैकिंग आंकड़ों के मुताबिक फिल्म अमेरिका में रिलीज के शुरुआती सप्ताहांत में 375 मिलियन से 424 मिलियन डॉलर के बीच कमाई कर सकती है. अनुमान सही साबित हुआ तो यह अब तक की सबसे बड़ी घरेलू ओपनिंग में शामिल हो सकती है.

फिल्म की संभावित ओपनिंग 360 मिलियन डॉलर के मौजूदा रिकॉर्ड से ऊपर जा सकती है. यह रिकॉर्ड ‘Spider-Man: Brand New Day’ के नाम बताया गया है. हालांकि, ये आंकड़े शुरुआती ट्रैकिंग और प्री-सेल्स के रुझानों पर आधारित हैं, इसलिए वास्तविक कमाई रिलीज के बाद ही स्पष्ट होगी.

प्री-सेल्स से बढ़ी उम्मीदें

रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘Avengers: Doomsday’ की एडवांस टिकट बिक्री कई बाजारों में अच्छी चल रही है. फिल्म के गुरुवार से रविवार तक के पारंपरिक ओपनिंग विंडो के बाहर भी टिकट बिक्री मजबूत रहने की बात कही गई है. Thanksgiving के बाद Disney का अंतिम प्रचार अभियान प्री-रिलीज कारोबार को और बढ़ा सकता है. हालांकि, रिलीज नजदीक आने पर एडवांस बिक्री की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने की संभावना भी जताई गई है.

भारत में फिल्म के पहले सप्ताहांत की कमाई करीब 10 मिलियन डॉलर रहने का अनुमान है. एडवांस बुकिंग में ब्लॉक की गई सीटों समेत 42 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई बताई गई है और यह आंकड़ा करीब 50 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है.

इसी अवधि में रिलीज होने वाली ‘Dune: Part Three’ की शुरुआती ट्रैकिंग 91 से 115 मिलियन डॉलर के बीच बताई गई है. ‘Avengers: Doomsday’ भारत में 17 दिसंबर 2026 और अमेरिका में 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है.