आयुष्मान खुराना जल्द ही फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आएंगे. यह फिल्म एक स्पाई कॉमेडी है, जिसमें देशभक्ति, गलत पहचान और परिस्थितिजन्य हास्य को मिलाया गया है. आयुष्मान फिल्म में पाकिस्तानी जासूस बिलाल अहमद का किरदार निभा रहे हैं.
कहानी में बिलाल की याददाश्त चली जाती है. उसे यह याद नहीं रहता कि वह किस देश से जुड़ा है और वह खुद को भारतीय समझने लगता है. इसी भ्रम को फिल्म की केंद्रीय कहानी बताया गया है.
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान से पूछा गया कि पाकिस्तानी एजेंट का किरदार निभाते हुए ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाना उनके लिए मुश्किल था या नहीं. अभिनेता ने कहा कि यह उनके किरदार और स्क्रिप्ट का हिस्सा है.
उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के तौर पर वह स्क्रिप्ट की मांग के मुताबिक काम करते हैं. आयुष्मान ने फिल्म को स्पाई कॉमेडी, देशभक्ति वाली कॉमेडी और अलग-अलग शैलियों के मेल वाली कहानी बताया. उन्होंने निर्देशक और लेखक की स्क्रिप्ट की भी तारीफ की.
फिल्म में सारा अली खान भी मुख्य भूमिका में हैं. सारा ने बताया कि ‘उड़ता तीर’ की शूटिंग ‘पति पत्नी और वो दो’ से पहले हुई थी. उनके मुताबिक, दोनों फिल्मों में आयुष्मान के साथ उनका रिश्ता और ऑन-स्क्रीन समीकरण बिल्कुल अलग है. उन्होंने कहा कि एक ही अभिनेता के साथ अलग-अलग किरदारों के जरिए इतनी अलग केमिस्ट्री निभाना उनके लिए रोमांचक अनुभव रहा.
आयुष्मान ने भी सारा के साथ काम करने को शानदार बताया और कहा कि वह सेट पर अच्छी ऊर्जा लेकर आती हैं.
‘उड़ता तीर’ लेखक आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है. फिल्म में अली खान, दिवंगत अभिनेता मुकुल देव, गुलशन ग्रोवर, राम कपूर, रघुबीर यादव, सुप्रिया पिलगांवकर, स्मिता तांबे, बृजेंद्र काला और संदीप आनंद भी शामिल हैं.
