सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की टीम ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आएगी. शो के प्रोमो में आयुष्मान खुराना, शरवरी, सूरज बड़जात्या, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे दिखाई दे रहे हैं. प्रोमो में कपिल शर्मा ने इसे परिवार जैसी बातचीत वाला एपिसोड बताया है.

बातचीत के दौरान सूरज बड़जात्या ने बताया कि उनकी मां ने पहली फिल्म निर्देशित करने से पहले ही उनकी शादी करवा दी थी. उनके मुताबिक, मां को डर था कि वह किसी अभिनेत्री के प्रेम में पड़कर उससे शादी न कर लें.

इसी संदर्भ में आयुष्मान खुराना ने अपनी शादी का किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि तहिरा कश्यप के साथ शादी के समय उन्होंने सेहरा पहनने और घोड़ी पर बैठने से साफ इनकार कर दिया था. हालांकि, अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सूरज बड़जात्या ने अपनी आगामी फिल्म के लिए उनसे वे सभी चीजें करवा लीं, जिनसे वह असल जिंदगी में बचते रहे थे.

‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. अनूपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है और इसका निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है.

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हिमेश रेशमिया ने संभाली है. यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसके साथ ही सूरज बड़जात्या ‘ऊंचाई’ के बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं.