नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘Double Date’ के आगामी एपिसोड में बसीर अली और बनी जे अपनी निजी यात्रा से जुड़े कई किस्से साझा करते नजर आएंगे. बातचीत के दौरान दोनों ने पहली मुलाकात, उस समय की भावनात्मक परिस्थितियों और सोशल मीडिया के जरिए बढ़ी नजदीकियों पर बात की.

बसीर ने बताया कि पहली मुलाकात में वह बनी के पास प्रशंसक के तौर पर गए थे. उन्होंने अपना परिचय देते हुए कहा कि वह उनके बड़े प्रशंसक हैं, लेकिन बनी ने उन्हें देखकर वहां से चली गईं. बसीर के मुताबिक, उस समय उन्हें लगा कि उन्हें काफी नजरअंदाज किया गया. उन्होंने कहा, “इतना बुरा इग्नोर मेरी लाइफ में किसी ने नहीं किया.”

बनी ने इस घटना का दूसरा पक्ष बताया. उन्होंने कहा कि उस समय वह भावनात्मक रूप से काफी परेशान थीं. उनके अनुसार, जिस जगह वे वापस लौटी थीं, वह उनके बचपन से जुड़ी थी. उन्होंने बताया कि 2006 में वहां उनकी मां और दादा-दादी जीवित थे, लेकिन 2026 में लौटने पर वे उनके साथ नहीं थे. इस वजह से पुरानी जगह पर लौटना उनके लिए बेहद कठिन और भावुक अनुभव था.

बनी ने कहा कि वह लगातार रो रही थीं और दो बार अपनी वैन में जाकर वापस आईं. ऐसे में जब बसीर ने उनसे पूछा कि उन्होंने उन्हें ‘हाय’ क्यों नहीं कहा, तो उनके लिए उस समय अपनी स्थिति समझाना आसान नहीं था.

दोनों ने यह भी बताया कि उनकी नजदीकियों को सार्वजनिक रूप से पहचान मिलने में इंस्टाग्राम की भूमिका रही. बसीर ने कहा कि साथ समय बिताने के दौरान लोग उनसे पूछने लगे थे कि दोनों के बीच क्या चल रहा है. बाद में उन्होंने दोनों के साथ वाले रील्स देखे और उन्हें महसूस हुआ कि उनके बीच कुछ खास है.

बनी के मुताबिक, दोनों की पसंद और ऊर्जा एक-दूसरे से मेल खाती है. उन्होंने कहा कि बसीर के साथ समय बिताते हुए वे बहुत हंसती हैं और यही उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है.