57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव भारत (IFFI) के तीसरे दिन ‘द एपिक जॉनर्स—मिथोलॉजीज, सुपरहीरोज एंड न्यू वर्ल्ड्स’ विषय पर हुए सत्र में निर्देशक बेसिल जोसेफ ने अपनी फिल्म ‘मिन्नल मुरली’ की सीधे Netflix पर रिलीज को लेकर अनुभव साझा किया.

सत्र में ‘ब्रह्मास्त्र’ के निर्देशक अयान मुखर्जी ने जोसेफ से पूछा कि क्या फिल्म बनाते समय ही उसकी OTT रिलीज तय थी या कोविड के कारण इसकी थिएटर रिलीज नहीं हो सकी. इसके जवाब में जोसेफ ने कहा कि रिलीज से करीब दो महीने पहले तक वह फिल्म को बड़े पर्दे के लिए ही बना रहे थे.

जोसेफ के मुताबिक, कोविड काल में सिनेमाघर फिल्मों को स्क्रीन नहीं कर पा रहे थे, इसलिए फिल्म की रिलीज का रास्ता बदला. उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे के लिए बनाई गई फिल्म को OTT पर लाना उनके लिए बहुत पीड़ादायक अनुभव था. उनके अनुसार, लॉकडाउन और कोविड के असर के बीच उन्हें लंबे समय तक उम्मीद थी कि फिल्म आखिरकार थिएटर में आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

OTT रिलीज के बाद मिली पहुंच

अयान मुखर्जी ने सत्र में कहा कि फिल्म व्यापक रूप से देखी गई. इस पर बेसिल जोसेफ ने माना कि Netflix पर आने के कारण फिल्म ज्यादा लोगों तक पहुंची. उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें यह स्थिति बहुत निराशाजनक लगी थी और उन्हें लगा था कि सब खत्म हो गया है, लेकिन बाद में फिल्म को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला.

सीक्वल पर क्या कहा

अयान मुखर्जी ने ‘मिन्नल मुरली 2’ की संभावना पर भी सवाल किया. बेसिल जोसेफ ने कहा कि यह संभव है, लेकिन फिलहाल वे एक दूसरे प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. उनके अनुसार, मौजूदा काम पूरा होने के बाद वे ‘मिन्नल मुरली’ की दुनिया में लौटने पर विचार करेंगे.