गुजरात के भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई. हादसा शिव शक्ति होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो एसयूवी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा भिड़ी.
बोलेरो में अलंग शिपयार्ड के सात कर्मचारी सवार थे. वे काम के सिलसिले में भावनगर से अलंग शिपयार्ड जा रहे थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के अगले पहिए टूटकर अलग हो गए और वाहन कुछ इंच तक खिसक गया. बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान विजयभाई चंदुभाई वोरा, पीयूषभाई बिपिनचंद्र शाह, प्रितेशभाई बिपिनचंद्र भयाणी, भार्गवभाई गोसाई, हिरेनभाई मेहता, योगेशभाई शाह और जयेशभाई हिम्मतभाई वसानी के रूप में हुई है.
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें बोलेरो सड़क के बाईं ओर खड़े ट्रेलर से टकराती दिख रही है. टक्कर के बाद ट्रेलर में बैठा ड्राइवर जमीन पर गिर गया. स्थानीय लोगों ने तीन शवों और एक घायल को बाहर निकाला. इसके बाद पहुंची रेस्क्यू टीमों ने बाकी शवों को बाहर निकाला.
