पितृपक्ष के दौरान श्राद्ध और तर्पण से जुड़े प्रसंगों की चर्चा बढ़ जाती है. हिंदी फिल्म ‘भूतनाथ’ में भी एक ऐसे पिता की कहानी दिखाई गई है, जिसकी मृत्यु के बाद उसका बेटा श्राद्ध नहीं करता. फिल्म में इसी अधूरे संस्कार को उसकी बेचैनी और क्रोध से जोड़ा गया है.

फिल्म की कहानी कैलाशनाथ के इर्द-गिर्द है, जिनकी भूमिका अमिताभ बच्चन ने निभाई. पत्नी की मृत्यु के बाद उनका बेटा और बहू विदेश चले जाते हैं. कैलाशनाथ घर बेचने से इनकार करते हैं और बाद में सीढ़ियों से गिरकर उनकी मृत्यु हो जाती है. बेटे की ओर से श्राद्ध न किए जाने के बाद उनका भूत पुराने घर में रहने वालों को परेशान करता है.

बच्चे की मदद से मिली शांति

कुछ समय बाद अंजलि, आदित्य और उनका बेटा बंकू उस पुराने घर में रहने आते हैं. शुरुआत में बंकू और भूतनाथ के बीच टकराव होता है, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो जाती है. कहानी के अंत में बंकू की मदद से कैलाशनाथ का श्राद्ध कराया जाता है और उन्हें शांति मिलती है.

इसी प्रसंग के दौरान फिल्म में ‘समय का पहिया’ गीत सुनाई देता है. इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे, जबकि हरिहरन और सुखविंदर सिंह ने इसे आवाज दी. संगीत विशाल-शेखर ने तैयार किया था. गीत में क्रोध, क्षमा, अपनापन और मुक्ति जैसे भावों को कहानी से जोड़ा गया है.

‘भूतनाथ’ का निर्देशन विवेक शर्मा ने किया था. फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा अमन सिद्धिकी, जूही चावला, शाहरुख खान, राजपाल यादव और प्रियांशु चटर्जी भी नजर आए थे.