बिग बॉस फ्रेंचाइजी अपनी 20वीं सालगिरह के मौके पर पहली बार छह भाषाओं में एक ही रात लॉन्च होने जा रही है. Endemol Shine India के अनुसार, हिंदी, बंगला, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम संस्करणों का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को एक साथ होगा.

कंपनी का दावा है कि यह पहली बार है जब बिग बॉस का एक ही फॉर्मेट भारत में छह भाषाओं में एक ही शाम शुरू किया जाएगा. इस विशेष लॉन्च में अलग-अलग भाषा संस्करणों के होस्ट अपने-अपने शो के बिग बॉस के साथ एक ही समय पर स्क्रीन पर नजर आएंगे.

छह भाषाओं में कौन संभालेगा शो की कमान

हिंदी बिग बॉस की मेजबानी सलमान खान करेंगे. बंगला संस्करण में सौरव गांगुली, कन्नड़ में किच्चा सुदीप, तेलुगु में नागार्जुन अक्किनेनी, तमिल में विजय सेतुपति और मलयालम में मोहनलाल होस्ट की भूमिका निभाएंगे.

Endemol Shine India ने बताया कि सलमान खान इस सीजन में होस्ट के साथ-साथ मेंटर की भूमिका भी निभाएंगे. वह ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में लौटेंगे. हालांकि, नए प्रतिभागियों के नाम और शो के अन्य विस्तृत प्रारूप की जानकारी इस घोषणा में साझा नहीं की गई है.

6 सितंबर से शुरू होगा 20वां सीजन

बिग बॉस सीजन 20 का प्रसारण रोजाना किया जाएगा. शो रात 9 बजे JioHotstar और रात 10:30 बजे Colors TV पर प्रसारित होगा. प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, नए सीजन में नए कंटेस्टेंट, रणनीति, आपसी टकराव और भावनात्मक घटनाक्रम देखने को मिलेंगे.

बिग बॉस के अलग-अलग भाषाई संस्करण पहले से ही अपने-अपने क्षेत्रों में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं. छह संस्करणों को एक साथ शुरू करने की योजना का उद्देश्य इन क्षेत्रीय दर्शक समूहों को एक साझा लॉन्च इवेंट से जोड़ना है. इस पहल को कंपनी ने भारतीय रियलिटी टेलीविजन के लिए एक असाधारण और अभूतपूर्व क्षण बताया है.