ब्रैड पिट अपनी नई फिल्म ‘द फर्दर मिस-एडवेंचर्स ऑफ क्लिफ बूथ’ के लॉस एंजिल्स प्रीमियर में पार्टनर इनेस डी रेमन के साथ पहुंचे. 16 नवंबर को TCL Chinese Theatre में हुए इस कार्यक्रम में दोनों ने रेड कार्पेट पर हाथों में हाथ डालकर तस्वीरें खिंचवाईं.

प्रीमियर के लिए ब्रैड पिट ने काले रंग का लंबा कोट, टी-शर्ट, ढीली पैंट, मैचिंग बूट्स और अपने चर्चित सनग्लासेस पहने थे. इनेस डी रेमन क्रीम रंग के प्रिंटेड, फ्लोर-लेंथ गाउन में नजर आईं. उनके गाउन में साइड कट्स और निचले हिस्से पर फ्रिल्स थे. उन्होंने बाल खुले रखे थे.

पिट और डी रेमन 2022 से साथ हैं और आम तौर पर अपने रिश्ते को निजी रखते हैं. हालांकि, दोनों इससे पहले भी रेड कार्पेट, अवॉर्ड समारोह और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ दिखाई दे चुके हैं.

प्रीमियर में कई हॉलीवुड सितारे शामिल

फिल्म के प्रीमियर में क्वेंटिन टैरेंटिनो, जेडन स्मिथ, डेविड फिंचर, टिमोथी ओलिफेंट, याह्या अब्दुल-मतीन II, कोर्टनी कॉक्स, स्कॉट कान, कॉनी ब्रिटन, एलिजाबेथ डेबिकी, सैम ट्रैमल और रेगन यॉर्क समेत कई हस्तियां पहुंचीं.

‘द फर्दर मिस-एडवेंचर्स ऑफ क्लिफ बूथ’ साल 2019 की फिल्म ‘वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड’ की अगली कड़ी है. कहानी पहली फिल्म की घटनाओं के करीब आठ साल बाद की है और पूर्व स्टंटमैन क्लिफ बूथ पर केंद्रित है. अब वह प्रोजेक्शनिस्ट और बारटेंडर के तौर पर काम करता है और हॉलीवुड की बड़ी हस्तियों के लिए फिक्सर की भूमिका भी निभाता है.

फिल्म में ब्रैड पिट के अलावा टिमोथी ओलिफेंट, एलिजाबेथ डेबिकी, स्कॉट कान और कार्ला गूगिनो भी हैं. इसकी IMAX रिलीज 25 नवंबर 2026 और Netflix स्ट्रीमिंग 23 दिसंबर 2026 से होगी.