कनाडाई मंच, फिल्म और टेलीविजन अभिनेत्री डॉन ग्रीनहैल्ग का 6 नवंबर को टोरंटो में निधन हो गया. वह 93 वर्ष की थीं. ग्रीनहैल्ग को एनिमेटेड सीरीज ‘बाबार’ में हाथी बाबार की पत्नी क्वीन सेलेस्टे को आवाज देने के लिए भी जाना जाता है.

ग्रीनहैल्ग का जन्म चीन के शंघाई में हुआ था. बचपन का एक हिस्सा उन्होंने अपने परिवार के साथ जापानी युद्धबंदी शिविर में बिताया. इसी दौरान संगीत, थिएटर और नृत्य के प्रति उनकी रुचि विकसित हुई. 14 वर्ष की उम्र में वह एक अभिभावक के साथ कनाडा चली गईं और मॉन्ट्रियल हाई स्कूल में पढ़ाई की.

19 वर्ष की उम्र में, 1953 में, ग्रीनहैल्ग कनाडा के स्ट्रैटफोर्ड फेस्टिवल की संस्थापक सदस्यों में शामिल हुईं. बाद में उन्होंने हैलिफैक्स के नेप्च्यून थिएटर और टोरंटो के थिएटर प्लस की स्थापना में भी भूमिका निभाई. उन्होंने दुनिया के अलग-अलग मंचों पर अभिनय किया और न्यूयॉर्क में उटा हेगेन, हर्बर्ट बेरघोफ तथा मीरा रोस्तोवा से प्रशिक्षण लिया.

स्ट्रैटफोर्ड फेस्टिवल में उन्होंने ‘ऑल्स वेल दैट एंड्स वेल’ में एलेक गिनीज के साथ काम किया. ‘एंटनी एंड क्लियोपेट्रा’ और ‘लव्स लेबर लॉस्ट’ उनके उल्लेखनीय नाटकों में शामिल रहे.

फिल्मों में ग्रीनहैल्ग ने सोफिया कोपोला की ‘द वर्जिन सुसाइड्स’ और डेविड क्रोनेंबर्ग की ‘मैप टू द स्टार्स’ में अभिनय किया. उन्होंने अपनी बेटी मेगन फॉलोज के साथ ‘ऐन ऑफ ग्रीन गेबल्स’ सीरीज में भी काम किया. ‘फाइव डेज एट मेमोरियल’, ‘सेविंग होप’ और ‘ला फेम निकिता’ में उनकी टेलीविजन भूमिकाएं भी रहीं.

स्ट्रैटफोर्ड फेस्टिवल के कलात्मक निर्देशक एंटोनी सिमोलिनो ने उन्हें प्रभावशाली, प्रतिभाशाली और स्वतंत्र सोच वाली अभिनेत्री बताया. ग्रीनहैल्ग के परिवार में उनके बच्चे एडविना, लॉरेंस, सामंथा और मेगन फॉलोज, छह पोते-पोतियां तथा दो सौतेले पोते-पोतियां हैं.